
सेवा संकल्प अभियान के तहत जारी है कार्यक्रमों का सिलसिला
खाद्य विभाग द्वारा 28 से 30 सितंबर तक लगाए जाएंगे सेवा सेतु कैंप
बिलासपुर,26 सितंबर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खाद्य विभाग द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए 28 से 30 सितंबर तक सेवा सेतु कैंप आयोजित किए जाएंगे। जिला मुख्यालय स्तर पर कैंप जिला सहकारी बैंक, नेहरू चौक स्थित सभाकक्ष में तथा ब्लॉक स्तर पर जनपद पंचायत कार्यालयों में शिविर लगाए जाएंगे।
खाद्य नियंत्रक श्री अमृत कुजूर ने बताया कि कैंप में प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, वन नेशन-वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही हितग्राहियों की शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। शिविरों में राशन कार्ड में परिवार के सदस्यों की ई-केवाईसी, आधार सीडिंग एवं मोबाइल नंबर सहित आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम एवं राज्य शासन की योजनाओं के अंतर्गत राशन कार्ड से संबंधित ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी भी नागरिकों को दी जाएगी।

