छत्तीसगढ़बिलासपुर

बिलासपुर की एंजेल चौकसे ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया मान, जीता ‘Mrs. India International Queen “Alluring” 2026’ का खिताब

सपनों की कोई उम्र नहीं होती” – महिलाओं के लिए दिया खास संदेश:- एंजेल चौकसे

बिलासपुर / छत्तीसगढ़:

बिलासपुर की बेटी और बहू एंजेल चौकसे ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ राज्य का नाम रोशन किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित सौंदर्य प्रतियोगिता में ‘Mrs. India International Queen “Alluring” 2026’ का ताज अपने नाम किया है।

विभिन्न देशों की प्रतिभागियों के बीच बिखेरा चमक

अंतरराष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में भाग लेकर एंजेल चौकसे ने न केवल खिताब जीता, बल्कि विभिन्न देशों से आईं प्रतिभागियों की संस्कृति, सोच और जीवनशैली को करीब से समझा। अपनी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए एंजेल ने कहा, “यह सम्मान केवल मेरा व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे बिलासपुर और छत्तीसगढ़ की जनता का सम्मान है। मुझे गर्व है कि मुझे अपने शहर का नाम रोशन करने का अवसर मिला।”

“सपनों की कोई उम्र नहीं होती” – महिलाओं के लिए दिया खास संदेश

​अपनी इस ऐतिहासिक सफलता के बाद एंजेल चौकसे ने बिलासपुर और प्रदेश की महिलाओं व बेटियों के नाम एक बेहद खास और प्रेरणादायक संदेश दिया। उन्होंने कहा:

“सपनों की कोई उम्र नहीं होती। यदि आपके भीतर जुनून, कड़ी मेहनत और अटूट आत्मविश्वास है, तो आप जीवन के किसी भी पड़ाव पर अपने सपनों को साकार कर सकती हैं। परिवार और जिम्मेदारियाँ हमारी कमजोरी नहीं, बल्कि हमारी सबसे बड़ी ताकत बन सकती हैं, बस हमें उन्हें अपने सपनों का साथी बनाना सीखना होगा।”

सफलता का श्रेय परिवार और शहरवासियों को दिया

​अपनी इस उपलब्धि का श्रेय एंजेल ने अपने पति श्री रितेश चौकसे, बेटी विनस चौकसे, माता-पिता, सास-ससुर और पूरे परिवार के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के अटूट विश्वास, ट्रेनर्स के मार्गदर्शन और शुभचिंतकों की प्रार्थनाओं के बिना यह मुकाम पाना संभव नहीं था।

​अंत में, एंजेल चौकसे ने मीडिया और बिलासपुर व छत्तीसगढ़ की जनता का आभार व्यक्त करते हुए अपना यह ताज और खुशी पूरे प्रदेशवासियों को समर्पित की है।