छत्तीसगढ़बिलासपुर

ग्राम पंचायत लोहर्सी में निस्तारी मार्ग से हटाया गया अतिक्रमण

तहसीलदार नीलम पिस्दा और थाना प्रभारी कमला पुसान ठाकुर की टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में की कार्रवाई

पचपेड़ी। बिलासपुर जिले के पचपेड़ी तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहर्सी में लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे सार्वजनिक निस्तारी मार्ग को आखिरकार प्रशासन ने अतिक्रमण मुक्त करा दिया। शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक शाला से चंडी देवी मंदिर जाने वाले पुराने सार्वजनिक आवागमन मार्ग पर करीब दो वर्षों से अतिक्रमण होने के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।

मंगलवार को तहसीलदार नीलम पिस्दा एवं थाना प्रभारी कमला पुसान ठाकुरके नेतृत्व में राजस्व विभागऔर पुलिस प्रशासन की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर शासकीय भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की ताबड़तोड़ कार्रवाई की। प्रशासन की इस कार्रवाई से लंबे समय से बाधित मार्ग को फिर से आवागमन के लिए खोल दिया गया।

200 मीटर की दूरी के लिए तय करना पड़ता था डेढ़ किलोमीटर का सफर

ग्रामीणों के अनुसार उक्त मार्ग वर्षों पुराना सार्वजनिक आवागमन एवं निस्तारी मार्ग है। लेकिन अतिक्रमण के चलते रास्ता बंद हो गया था। स्थिति यह थी कि महज 200 मीटर की दूरी तय करने के लिए ग्रामीणों को करीब डेढ़ किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता था। इससे स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों सहित आम ग्रामीणों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था।

प्रशासन की कार्रवाई से ग्रामीणों में खुशी

लंबे समय से चली आ रही समस्या का समाधान होने के बाद ग्रामीणों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई का स्वागत करते हुए तहसीलदार नीलम पिस्दा, थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर एवं पुलिस प्रशासन के प्रति आभार जताया। ग्रामीणों का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमण मुक्त होने से अब आवागमन सुगम होगा और लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी से राहत मिलेगी।