छत्तीसगढ़बिलासपुर

प्रेस क्लब बिलासपुर में घमासान, सहायक पंजीयक से जांच की मांग, आय व्यय का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग

प्रेस क्लब बिलासपुर संदीप करिहार सचिव और किशोर सिंह कोषाध्यक्ष ने खोला मोर्चा, वित्तीय पारदर्शिता और एकतरफा फैसलों पर उठाए सवाल

सहायक पंजीयक को संयुक्त शिकायत सौंपकर कार्यकारिणी की कार्यप्रणाली की जांच की मांग, आय-व्यय का हिसाब और बैंक लेन-देन का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग

बिलासपुर। बिलासपुर प्रेस क्लब में आंतरिक प्रशासनिक व्यवस्था और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। प्रेस क्लब के सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से वर्तमान कार्यकारिणी की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सहायक पंजीयक, फर्म्स एवं संस्थाएं, बिलासपुर संभाग को शिकायत पत्र सौंपा है। दोनों पदाधिकारियों ने संस्था के संचालन में कथित एकतरफा निर्णय, संवैधानिक अधिकारों की अनदेखी और वित्तीय लेन-देन का पूरा हिसाब उपलब्ध नहीं कराने पर आपत्ति जताई है।

17 नवंबर 2026 को सौंपे गए संयुक्त आवेदन में सचिव और कोषाध्यक्ष ने आरोप लगाया है कि प्रेस क्लब की वर्तमान कार्यकारिणी के संचालन में निर्धारित संविधान, नियमावली और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया का पालन नहीं किया जा रहा है। महत्वपूर्ण प्रशासनिक एवं वित्तीय गतिविधियों में निर्वाचित सचिव और कोषाध्यक्ष को विश्वास में नहीं लेने की बात भी कही गई है।

आय-व्यय का हिसाब नहीं मिलने पर उठाए सवाल

संयुक्त शिकायत में कहा गया है कि 28 दिसंबर 2025 को वर्तमान कार्यकारिणी के गठन के बाद से संस्था के आय-व्यय का संपूर्ण विवरण, बैंक स्टेटमेंट, नकद लेन-देन और अन्य वित्तीय दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। अध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारियों द्वारा किए गए आर्थिक लेन-देन तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस से प्राप्त आय का विस्तृत ब्यौरा भी सचिव और कोषाध्यक्ष को नहीं मिलने पर आपत्ति जताई गई है।

दोनों पदाधिकारियों का कहना है कि संस्था के वित्तीय संचालन में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आय और व्यय का नियमित लेखा-जोखा संबंधित जिम्मेदार पदाधिकारियों के सामने होना जरूरी है।

सामूहिक निर्णय प्रक्रिया की अनदेखी का आरोप

सचिव और कोषाध्यक्ष ने संयुक्त आवेदन में कहा है कि प्रेस क्लब किसी व्यक्ति विशेष की संस्था नहीं, बल्कि सभी सदस्यों की लोकतांत्रिक और पंजीकृत संस्था है। ऐसे में अध्यक्ष अथवा कुछ पदाधिकारियों द्वारा स्वयं निर्णय लेना और निर्वाचित सचिव एवं कोषाध्यक्ष को निर्णय प्रक्रिया से अलग रखना संस्था की संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप नहीं है।

सहायक पंजीयक से सात प्रमुख मांगें

दोनों पदाधिकारियों ने सहायक पंजीयक से वर्तमान कार्यकारिणी की कार्यप्रणाली की निष्पक्ष जांच कराने, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के अधिकारों और जिम्मेदारियों का स्पष्ट निर्धारण करने, 1 जनवरी 2026 से अब तक के संपूर्ण आय-व्यय एवं वित्तीय अभिलेखों की जांच कराने तथा प्रेस कॉन्फ्रेंस से प्राप्त राशि संस्था के अधिकृत बैंक खाते में जमा कराने के निर्देश देने की मांग की है।

इसके साथ ही जांच पूरी होने और कार्यकारिणी में आपसी समन्वय स्थापित होने तक गैर-जरूरी आधिकारिक गतिविधियों एवं वित्तीय लेन-देन पर अंतरिम रोक लगाने तथा संविधान एवं नियमावली के विपरीत लिए गए निर्णयों पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग भी की गई है।

संस्था के हित में उठाया कदम बताया

सचिव संदीप करिहार और कोषाध्यक्ष किशोर कुमार सिंह ने अपने संयुक्त आवेदन में स्पष्ट किया है कि उनका उद्देश्य किसी पदाधिकारी का व्यक्तिगत विरोध करना अथवा संस्था के संचालन में बाधा उत्पन्न करना नहीं है। बल्कि प्रेस क्लब की संवैधानिक व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता और सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को सुनिश्चित करना है।

अब इस संयुक्त शिकायत के बाद सहायक पंजीयक कार्यालय की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, यह देखना महत्वपूर्ण होगा। वहीं प्रेस क्लब के भीतर उठे इन सवालों पर संबंधित पदाधिकारियों का पक्ष भी महत्वपूर्ण रहेगा।