
संत रविदास की 650वीं जयंती और हर घर तिरंगा – तिरंगा यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा जिला बिलासपुर शहर की महत्वपूर्ण कार्यशाला संपन्न
बिलासपुर। भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर के कार्यालय में शनिवार, 25 जुलाई को संत शिरोमणि रविदास महाराज जी की आगामी 650वीं जयंती के पावन अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और हर घर तिरंगा – तिरंगा यात्रा की रूपरेखा तैयार करने हेतु एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में संत रविदास जी के विचारों, सामाजिक समरसता के संदेश और उनके जीवन दर्शन को जन-जन तक पहुँचाने एवं हर घर तिरंगा अभियान व तिरंगा यात्रा कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया गया।
कार्यशाला के मुख्यवक्ता पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा ने कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कहा कि संत सिरोमणी रविदास जी ने अपने विचारों और शिक्षा के माध्यम से समाज से भेदभाव को मिटाकर समरसता का संदेश दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वाराणसी में संत रविदास जी का भव्य स्मारक आकार ले रहा है, जो उनकी विरासत को सहेजने का ऐतिहासिक कार्य है। इस उपलक्ष्य में भाजपा की एक विशेष टीम 27 तारीख को वाराणसी जाकर वहाँ से कलश में पवित्र माटी एवं जल लेकर छत्तीसगढ़ आएगी। इस पवित्र जल और माटी को प्रदेश के सभी प्रमुख देव स्थलों और मंदिरों में ले जाया जाएगा, जहाँ विशेष सांस्कृतिक व धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। श्री शर्मा ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आव्हान पर प्रारंभ हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज एक राष्ट्र भक्ति का जन आंदोलन का स्परूप ग्रहण कर चुका है। इस अभियान ने प्रत्येक भारतीय के मन में राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान, गौरव और आत्मीयता की भावना को और सशक्त किया है, प्रत्येक वर्ष सभी देशवासी हर्ष और उत्साह के साथ राष्ट्रोत्सव के इस कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेते है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र प्रथम के साथ बीते 12 वर्षो में देश का अद्भुत मान बढ़ा, दुनिया में सम्मान मिला। यह यात्रा निरंतर जारी है और विकसित भारत के सपने के साथ आगे बढ़ रही है। सशक्त, समृद्ध, सुरक्षित तथा एक भारत-श्रेष्ठ भारत अब सिर्फ अपना ही नहीं मोदी जी के नेतृत्व में यथार्थ है। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के निर्देशानुसार पार्टी के सभी कार्यकर्ता व्यापक जन भागीदारी करते हुये हर घर तिरंगा तथा तिरंगा यात्रा अभियान में 11 अगस्त से 15 अगस्त 2026 तक भाग लेंगे।
महासमुंदर सांसद व बिलासपुर शहर जिला संगठन प्रभारी रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि संत रविदास एक ऐसे महान संत थे जिन्होंने श्रम की प्रतिष्ठा, समानता और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि रखा। उनके बताए मार्ग पर चलते हुए केंद्र सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि वाराणसी स्थित संत रविदास जी के भव्य स्मारक स्थल से 27 तारीख को कलश में लाई जाने वाली पवित्र माटी और जल को छत्तीसगढ़ के कोने-कोने में पहुँचेगा। मंदिरों और देव स्थलों पर होने वाले इन कार्यक्रमों के माध्यम से जन-जन तक संत रविदास जी के विचारों और संदेशों को पहुँचाया जाएगा। जिला प्रभारी श्रीमती चौधरी ने बताया कि जयंती वर्ष के दौरान सामाजिक समरसता यात्राओं, विचार गोष्ठियों और संत रविदास जी की शिक्षाओं पर आधारित कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रमों को बूथ स्तर तक ले जाने का संकल्प लिया गया, ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक संत रविदास जी का संदेश पहुँच सके। इसी तरह विद्यालयों, महाविद्यालयों और बस्तियों में निबंध, चित्रकला एवं विचार-विमर्श प्रतियोगिताओं के जरिए नई पीढ़ी को संत रविदास जी के विचारों से अवगत कराया जाएगा। संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में विशेष स्वच्छता अभियान और सेवा कार्यों का संचालन किया जाएगा।
भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह ने कार्यशाला में प्रस्तावना रखते हुए कहा कि पार्टी का यह अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि संत रविदास जी के विचारों को हर घर तक पहुँचाने का संकल्प है। हर घर तिरंगा तथा तिरंगा यात्रा अभियान को लेकर भाजपा पदाधिकारी व कार्यकर्ता प्रत्येक घर, सभी प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने हेतु जनजागरण, युवाओं एवं विद्यार्थियों में राष्ट्रभक्ति एवं संवैधानिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं राष्ट्र निर्माताओं के योगदान का स्मरण, प्रत्येक मंडल में 10 अगस्त से 14 अगस्त 2026 तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन होगा, कार्यकर्ता अधिक से अधिक जनभागदारी सुनिश्चित करेंगे। 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के रूप में कार्यक्रम होगा।
कार्यशाला में प्रमुख रूप से तखतपुर विधायक धरमजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, गुलशन ऋषि, किशोर राय, रामदेव कुमावत, प्रदीप कौशिक, पेंगन वर्मा, प्रवीण दुबे, संतोष कौशिक, अश्वनी शर्मा, अजीत सिंह भोगल, रितेश अग्रवाल, चंदना गोस्वामी, दुर्गेश पाण्डेय, वैभव गुप्ता, स्नेहलता शर्मा, दिनेश राजपूत, तुलसी बघेल, मो.हनीफ, देवेश खत्री, लक्ष्मीनारायण कश्यप, शैलेन्द्र यादव, राकेश लालवानी, एस.श्रीनिवास राव, लव श्रीवास, इन्द्रजीत क्षत्री सहित भाजपा पदाधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

