
प्रेस क्लब बिलासपुर सचिव संदीप करिहार प्रेस कांफ्रेस में रहे उपस्थित।
14 साल की ‘वायरल सिंगर गर्ल’ कनक साहू सजाएंगी सुरों की महफिल, 22 अगस्त को होगा ‘Tribute to the Legendary Singers’
बिलासपुर। महज 14 साल की उम्र में अपनी सुरीली आवाज से पहचान बनाने वाली कनक साहू अब बिलासपुर में भारत के महान और दिग्गज गायकों को अपनी आवाज के जरिए श्रद्धांजलि देने जा रही हैं। KM Production एवं कनक मेलोडी ग्रुप के बैनर तले आगामी 22 अगस्त 2026 को लखीराम ऑडिटोरियम में “Tribute to the Legendary Singers” का भव्य आयोजन होगा। शाम 6:30 बजे से रात 11:30 बजे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में कनक के साथ स्थानीय कलाकार लाइव बैंड परफॉर्मेंस देंगे।
6 साल की उम्र से शुरू किया गायन का सफर
कक्षा 9वीं की छात्रा कनक साहू ने महज 6 साल की उम्र में गायन शुरू किया था। पिता योगानंद साहू से उन्हें संगीत की प्रेरणा मिली। उनके पिता खुद किशोर कुमार के गीत गाया करते थे और यही गीत बचपन से कनक को बेहद पसंद थे। धीरे-धीरे कनक ने विभिन्न संगीत प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेना शुरू किया और अपनी प्रतिभा के दम पर कई मंचों पर पहचान बनाई। कनक के अनुसार, उनके लिए संगीत केवल शौक नहीं, बल्कि अपने सपनों को पूरा करने का माध्यम है।

‘वायरल सिंगर गर्ल’ के नाम से बनी पहचान
कनक साहू की आवाज को सोशल मीडिया पर भी खूब पसंद किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उनके सोशल मीडिया चैनल पर करीब 6 करोड़ व्यूज और 85 हजार फॉलोवर्स हैं। सोशल मीडिया पर उनकी लोकप्रियता के चलते उन्हें ‘वायरल सिंगर गर्ल’ के नाम से पहचान मिली है। कनक की प्रतिभा को देखते हुए जिला प्रशासन ने उन्हें 26 जनवरी 2026 और 15 अगस्त 2026 के जिला स्तरीय परेड कार्यक्रम में ‘वंदे मातरम्’ गीत प्रस्तुत करने का अवसर भी दिया। कनक के मुताबिक, 27 जनवरी को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने उनकी प्रस्तुति को अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा किया था। कनक साहू ने बताया कि वह वर्ष 2022 में CG Idol, 2023 में Voice of Chhattisgarh और 2024 में Chhattisgarh Ratna Award से सम्मानित हो चुकी हैं। कनक का सपना सिर्फ बॉलीवुड में एक सफल सिंगर बनने का नहीं है। वह छत्तीसगढ़ी संस्कृति, लोकगीत और छत्तीसगढ़ की संगीत विरासत को आगे बढ़ाना चाहती हैं। उनका मानना है कि अपनी मिट्टी के गीतों को बड़े मंच तक पहुंचाना भी एक कलाकार की जिम्मेदारी है।
प्रेसवार्ता में कनक की आवाज ने बांधा समां
गुरुवार को बिलासपुर प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में कनक साहू ने कार्यक्रम की जानकारी साझा की। इस दौरान पत्रकारों की मांग पर उन्होंने फिल्मी गीत “जाने क्यों लोग मोहब्बत किया करते हैं…” गाकर सुनाया। कनक की सुरीली आवाज ने प्रेस क्लब में मौजूद पत्रकारों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कनक ने कहा कि भारत के महान सिंगर्स को श्रद्धांजलि और नमन करने का यह अवसर मेरे लिए बेहद खास है। मेरे नाम से कनक म्यूजिकल ग्रुप के माध्यम से इतना बड़ा आयोजन होने पर मुझे गर्व और खुशी है।
पिता योगानंद बोले- बेटी ने बढ़ाया मेरा मान
सिंगर कनक के पिता योगानंद साहू ने कहा कि आज उनकी पहचान उनकी बेटी की वजह से और भी बढ़ी है। उन्होंने बताया कि उनका 6 वर्षीय बेटा भी गायन करता है और ऑक्टोपैड बजाता है। उन्होंने कहा कि उन्हें अपने दोनों बच्चों की प्रतिभा पर गर्व है।
कार्यक्रम के मैनेजिंग डायरेक्टर प्रकाश बहरानी ने शहरवासियों से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचने की अपील की। इस दौरान बिलासपुर प्रेस क्लब सचिव संदीप करिहार, सह-सचिव हरिकिशन गंगवानी और पूर्व अध्यक्ष वीरेंद्र गहवई द्वारा कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया और प्रेस क्लब को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया।
“Tribute to the Legendary Singers” में कनक साहू किशोर कुमार, मुकेश कुमार, लता मंगेशकर, आशा भोसले, मोहम्मद रफ़ी, सुमन कल्याणपुर सहित अन्य महान गायकों के सदाबहार गीतों को अपनी आवाज देंगी। 22 अगस्त की शाम बिलासपुर में न सिर्फ सुरों की महफिल सजेगी, बल्कि एक 14 वर्षीय प्रतिभाशाली गायिका अपने संगीत के सफर का एक और यादगार अध्याय लिखेगी।
